पन्द्रह साल की उमर में भंग रणवीर की वर्जिनिटी
आ........ पर खबर थी कि रणवीर की वर्जिनिटी पन्द्रह साल की उमर में भंग हो गई थी. यह खबर फ्लैश करने और वेब-साईट पर डालने का औचित्य क्या था. चैनल नैतिकता का रक्षक है, भगवा रंग (अब तो रंग भी नहीं छोड़े इन चैनल वालों ने) की खूब खबर लेता है, लेकिन इस खबर को दिखाने में कोई आपत्ति नहीं है. कल को अन्डर-गारमेन्ट का साइज भी बताया जा सकता है. यह भी बताया जा सकता है कि कंडोम प्रयोग किया गया या नहीं अथवा कोई अन्य गर्भ-निरोधक प्रयुक्त हुआ या फिर किया ही नहीं गया. था तो किसने किया और कौन सा किया. कंडोम था किस प्रकार था, कौन सा ब्रांड पसन्द है और किस कलर का पसन्द है. भारतीय पसन्द है या विदेशी. यदि महिला (माना जा सकता है कि बालिग होगी अन्यथा नाबालिग के साथ यौन सम्बन्ध बनाने में तो सम्भवत: बलात्कार का मामला बनता) बालिग थी तो उसने क्या प्रयोग किया इस पर भी शोध की पूरी गुंजाइश है. फिर थोड़े दिन बाद कोई महिला भी सामने आ सकती है जो यह दावा कर सकती है कि रणवीर की जो वर्जिनिटी भंग हुई थी, वह उसी के कारण हुई थी. और लोकप्रियता हासिल करने का यही आलम रहा तो वह दिन दूर नहीं कि किसी खबरिया चैनल पर कोई अभिनेत्री (?) यह कहती हुई दिखाई दे कि उसे शूटिंग के दौरान अपने पीरियड्स के कारण दिक्कत हुई और फिर उसे आगे बढ़ाने के लिये चिकित्सक से कन्सल्ट करना पड़ा. कल के लिये किसी अभिनेत्री के अन्डर-गारमेन्टस का ब्रांड और साइज भी बताया जा सकता है. इ........ तो एक अभिनेत्री के कैलेन्डर शूट के फोटो जो मेरे लिये अश्लील थे, दिखा चुका है. कई मर्तबा रिपोर्टर यह चिल्लाते हुये सुना जा सकता है कि इसके आगे के दृश्य हम आपको नहीं दिखा सकते या फिर मास्किंग कर दिखाये जाते हैं. अरे अगर यह सबके देखने लायक नहीं थे तो रिपोर्टर के देखने लायक कहां से हो गये, वह कौन सा मंगल से आया प्राणी है. और अगर यह मान भी लिया जाये कि वह विशिष्ट है तब भी थोड़ा सा भी हिस्सा या मास्किंग कर क्यों दिखाया जाता है.
Comments
Post a Comment