कई महीनों पहले सी-डेक द्वारा भेजी डीवीडी अभी तक रास्ते में है.
एक सरकारी संस्था है सी-डेक. यह संस्था भारत में कम्प्यूटर प्रोग्रामिंग तथा एप्लीकेशन साफ्टवेयर संबंधी विकास कार्यों को करती है. इसने भारतीय भाषाओं तथा लिपियों के प्रयोगार्थ कई अच्छे साफ्टवेयर बनाये हैं तथा इनके विपणन का कार्य किया है. कार्यालयीन प्रयोग हेतु भारतीय भाषाओं के लिये फान्ट भी बनाये हैं. हिन्दी में टाइपिंग हेतु सर्वप्रथम एक बहुत अच्छा साफ्टवेयर जिसका नाम "लीप" था, इसी संस्था की देन थी. विगत दिनों इसी संस्था ने एक स्वदेशी आपरेटिंग सिस्टम, जो लाइनक्स आधारित है, BOSS अर्थात BHARAT OPERATING SYSTEM SOLUTIONS भारत में लांच किया गया. सी-डेक की वेब-साइट पर यह आपरेटिंग सिस्टम डाउनलोड करने के लिये उपलब्ध कराया गया. इस सुविधा के साथ ही साइट पर यह भी व्यवस्था की गयी थी कि जो व्यक्ति इस आपरेटिंग सिस्टम को डीवीडी/सीडी में मंगाना चाहें, वे व्यक्ति अपना नाम-पता-ईमेल आईडी आनलाइन सबमिट कर दें. ऐसा करने पर उनके लिये BOSS की डीवीडी/सीडी भेज दी जायेगी. मैंने भी इस आकर्षक सुविधा का लाभ उठाने हेतु आनलाइन आवेदन कर दिया और तुरन्त ही संदेश आ गया कि आप का नाम-पता रजिस्टर्ड हो गया है और आपको यह डीवीडी/सीडी भेज दी जायेगी. इस वाकये को लगभग तीन माह हो चुके हैं, लेकिन डीवीडी/सीडी का कोई अता-पता नहीं है. इससे पहले भी एक और साफ्टवेयर सी-डेक द्वारा इसी प्रकार उपलब्ध कराया जा रहा था जिसके लिये भी मैंने आवेदन किया लेकिन नतीजा यही रहा था. समझ में आ रहा है कि विभाग यदि सरकारी है तो चलेगा सरक-सरक कर ही.
Comments
Post a Comment