जाने क्या भूल हुई जो ये सजा हमका मिली - मेरे पहले ब्लाग को गूगल ने प्रतिबन्धित कर दिया
अभी पांच-छ: दिन पहले रात में भला चंगा था. सुबह को अन्तर्जाल पर ब्लाग का अड्रेस (भारतीय नागरिक - Indian Citizen -> incitizen.blogspot.com) लिखा तो पाया कि गूगल देव ने ब्लाग को हटा दिया है. सन्निपात सा हो गया. बाद में जैसे-तैसे विनती की, वैसे ही जैसे एक निरीह रिक्शाचालक थानेदार के आगे घिघियाता है और थानेदार साहब अपना गुस्सा उतारकर फिर कहीं कृपादृष्टि डालते हैं, तमाम ये-वो के बाद अपने ब्लाग के दर्शन हो पाये. खैर ब्लागर में लाग-इन किया तो पाया कि दरवाजे पर एक नोटिस चिपका था कि किन्हीं शर्तों का उल्लंघन कर दिया है या हो गया है, लिहाजा यह सजा गूगल बाबा ने दे दी. लिहाजा तू नहीं और सही, और नहीं और सही के फलसफे पर आगे बढ़ते हुये कोशिश कर रहा हूं कि पिछले ब्लाग से सभी आलेख इस नये ब्लाग पर आ जायें. अब से इस नये ब्लाग (indzen.blogspot.com) के साथ . फिर एक ब्लाग वर्डप्रेस पर पंजीकृत कराया (भारतीय नागरिक-Indian Citizen -> incitizen.wordpress.com) और दूसरा यह. गनीमत यह हुई कि ब्लाग को एक्स्पोर्ट और इम्पोर्ट किया जा सकता था, लिहाजा उसे एक जगह से एक्स्पोर्ट किया और दूसरी जगह इम्पोर्ट और अब आपके सामने हाजिर. थोड़ी तकलीफ मुझे भी हुई और उससे अधिक मेरे सहृदयों को हुई होगी जिसके लिये क्षमाप्रार्थी. मैं भी एक डोमेन लेना चाहता हूं, कैसे मिलेगा ? थोड़ी जानकारी देने की कृपा करें.
Comments
Post a Comment